उत्तरकाशी, 08 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने रवांई घाटी के पुरोला व मोरी थानों का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, अभिलेखों, लंबित प्रकरणों एवं जनसुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थाना परिसरों की साफ-सफाई, ड्यूटी रजिस्टर, मालखाना, सीसीटीवी व्यवस्था तथा कर्मचारियों की तैनाती की भी जानकारी ली।

शनिवार को निरीक्षण करने यमुना घाटी के दौरे पर पहुंची पुलिस कप्तान ने पुरोला थाना परिसर में सामाजिक संगठनों, महिला कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों के साथ एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर उन्होंने महिला अपराध, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा तथा नशे की रोकथाम जैसे संवेदनशील विषयों पर विस्तार से चर्चा की और उपस्थित लोगों को समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला अपराधों पर प्रभावी रोक के लिए समाज की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। यदि किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ या अन्य अपराध की जानकारी मिलती है तो बिना किसी भय के तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि अनजान कॉल, लिंक, ओटीपी साझा करना, फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया फ्रॉड आज के समय की सबसे बड़ी चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे अपने परिवार, विशेषकर बुजुर्गों और युवाओं को साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक करें।
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट, तेज गति से वाहन न चलाना और नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने व्यापार मंडल एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात नियमों को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाएं।
नशे की रोकथाम पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि कहीं भी अवैध शराब या मादक पदार्थों की तस्करी अथवा बिक्री की सूचना मिलती है तो तुरंत पुलिस को जानकारी दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, पेशकार कोमल सिंह रावत, पुरोला थानाध्यक्ष दीपक सिंह कठैत, चौकी प्रभारी अक्छू रानी, उप निरीक्षक संतोष देवरानी, उप निरीक्षक मनोज नेगी, हेड कांस्टेबल अब्बल सिंह, सुरेश कुमार चौकी प्रभारी नौगांव, प्रमोद नेगी सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
इस अवसर पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष उपेंद्र राणा, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष उमेन्द्र सिंह रावत, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष सोनू कपूर, मां कल्याणकारी समिति की अध्यक्ष मीना सेमवाल सहित रेखा रावत, जसोदा देवी, तनू, बनीता, राजकुमारी देवी एवं अन्य महिलाएं भी उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल
