यमुनानगर, 17 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर जिले में एक निजी विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा छह की छात्रा के साथ दुर्व्यवहार और जातिसूचक टिप्पणी का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर बुडिया थाना पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में शिवकुमार निवासी गांव शहजादपुर टपरियों ने बताया कि उनकी बेटी शहर के एक निजी विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ती है।
आरोप है कि छह मार्च को आयोजित सामाजिक विज्ञान (एसएसटी) की परीक्षा के दौरान विद्यालय की एक शिक्षिका ने बिना किसी स्पष्ट कारण के छात्रा से उत्तर पुस्तिका ले ली। कुछ समय बाद वही पेपर कथित तौर पर छात्रा के चेहरे की ओर फेंकते हुए वापस दिया गया, जिससे वह कक्षा में ही अपमानित महसूस करने लगी। परिवार का कहना है कि इस घटना से छात्रा मानसिक रूप से आहत हो गई और घर लौटकर काफी देर तक रोती रही। इसके बाद परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन उनके अनुसार प्रारंभिक स्तर पर संतोषजनक सहयोग नहीं मिला।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, बाद में विद्यालय के प्राचार्य ने सीसीटीवी फुटेज दिखाने की बात कही, जिसमें शिक्षिका के व्यवहार से जुड़ा दृश्य होने का दावा किया गया। परिजनों का कहना है कि मामले को सुलझाने के लिए उन्हें एक पार्क में मिलने के लिए भी कहा गया, जिसे उन्होंने स्वीकार नहीं किया। परिवार के अनुसार, नौ मार्च को वे एक स्थानीय बुजुर्ग के साथ विद्यालय पहुंचे, जहां प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि परीक्षा अवधि के दौरान संबंधित शिक्षिका विद्यालय नहीं आएंगी। हालांकि, बाद में स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि संस्था से जुड़े एक पदाधिकारी ने फोन पर बातचीत के दौरान उनकी पत्नी और परिवार के प्रति जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे वे आहत हुए। इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। बुडिया थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
