यमुनानगर, 21 मार्च (हि.स.)। पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने शहर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उसकी गिरफ्तारी जल्द संभव है।

पुलिस अधिकारी रमन चंदेल ने शनिवार काे बताया कि पकड़े गए आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर जिले में हुई चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े सात लाख रुपये की नकदी और 125 ऑस्ट्रेलियन डॉलर बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने शहर के विभिन्न इलाकों में योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया ।
इनमें रिहायशी कॉलोनियों में घरों के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी करना शामिल है। इसके अलावा बाजार क्षेत्र में स्थित दुकानों को भी निशाना बनाया गया, जहां से एसी पाइप और अन्य सामान चोरी किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अब तक आठ वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अपराध रिकॉर्ड की जांच में पता चला है कि एक आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी पर भी पूर्व में केस दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद और भी मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
