यमुनानगर, 11 मार्च (हि.स.)यमुनानगर जिले में बुधवार सुबह घनी धुंध के कारण सहारनपुर-पंचकुला हाईवे पर कैल बाईपास के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कम दृश्यता के चलते कई वाहन आपस में टकरा गए, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और करीब 100 मीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। दुर्घटना में दो चालक घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी में भर्ती कराया गया है।

हादसे में डिफेंडर, स्विफ्ट, क्रेटा, ऑल्टो, एस-प्रेसो, स्कॉर्पियो, डिजायर सहित दो ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही जगाधरी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। स्विफ्ट कार चालक राजेश ने बताया कि वह किसी कार्य से रुड़की जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे जब वह यमुनानगर पार कर कैल बाईपास के पास पहुंचे तो क्षेत्र में घनी धुंध छाई हुई थी और दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान एक ट्रक अचानक सामने आ गया और उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
प्राथमिक टक्कर के बाद उनकी कार सड़क पर क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ी हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक क्रेटा कार उससे टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी एक-दूसरे से भिड़ते चले गए और कुछ ही क्षणों में कई गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। एक अन्य वाहन चालक विजय कुमार ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ से लौट रहे थे।
कैल बाईपास के पास अचानक सामने दुर्घटना होने से उनकी कार भी टकरा गई, हालांकि परिवार के किसी सदस्य को चोट नहीं आई। घटना स्थल से कुछ दूरी पीछे धुंध के कारण तीन और वाहन आपस में भिड़ गए। इस टक्कर में एस-प्रेसो चालक जयपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। जांच अधिकारी हरिराम के अनुसार दुर्घटना में घायल जयपाल और एक ट्रक चालक को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुबह करीब नौ बजे तक यातायात सामान्य कर दिया। मामले की जांच जारी है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
