पश्चिम मेदिनीपुर, 10 मार्च (हि.स.)। जिले के दासपुर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। मृतक की पहचान आशीष कुमार जाना (28) के रूप में की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दासपुर थाना अंतर्गत लक्ष्मणचक इलाके में मंगलवार को आशीष का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटकता हुआ पाया गया। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि आशीष अविवाहित था और अपने पिता के साथ दूसरे राज्य में काम करता था। वह कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। मंगलवार सुबह उसने सामान्य रूप से नाश्ता किया था, लेकिन कुछ ही देर बाद वह कमरे में मृत पाया गया।
पुलिस का कहना है कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चल सकेगा।
घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
