सीतापुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के थानगांव थाना क्षेत्र में बीती शनिवार सुबह तालाब में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने साेमवार काे पीड़ित परिवार की तहरीर पर गांव के तीन नामजद लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष विमल गौतम ने बताया कि मृतक मनीष कश्यप (20) के पिता नरेश कश्यप ने थाना में तहरीर दी। इसमें उन्होंने बताया कि उनका बेटा तीन फरवरी से लापता था। बीती शनिवार को उसका शव तालाब के पास मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मनीष की मौत शरीर पर अधिक चोट के निशान और नाक से रक्तस्राव की वजह से होना पाया गया।

वहीं, पिता का आरोप है कि मनीष को गांव के पास नव निर्मित पुलिया से संदिग्ध हालात में उठाया गया था। आशंका है कि उसे कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के इरादे से शव को रात के अंधेरे में तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने पिता नरेश कश्यप की तहरीर पर गांव के ही शरीफ, खलील और शकील के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। —————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
