
खूंटी, 05 मार्च (हि.स.)। मेला देखकर घर लौट रहे मुरहू थाना गुरमी गांव निवासी विष्णु महतो नामक युवक से हथियार के बल पर लूटपाट करने और विरोध करने पर गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार लिया है।

पुलिस ने आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त एक की-पैड मोबाइल भी बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 08 फरवरी को खूंटी थाना क्षेत्र के गणडु सरमाली गांव लगे मेला से अपने चार पहिया वाहन विष्णु महतो मेला देखकर शाम में अपने
चारपहिया वाहन से घर लौट रहा था। उसी दौरान मुरहू थाना क्षेत्र के बगमा स्थित मारंगटोली रोड में सुनसान जगह पर पहले से घात लगाए तीन-चार अज्ञात अपराधियों ने उसे हथियार का भय दिखाकर वाहन रोक लिया। इसके बाद अपराधियों ने उससे पैसे की मांग की।
जब अमित ने पैसे देने से इनकार किया तो अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली उसके पैर में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भी वह गाड़ी चला कर घर पहुंच गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में मुरहू थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूंटी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए मामले के दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमित मुंडू और मुनी पूर्ति उर्फ केके उर्फ बिरसा पूर्ति (25) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित अमित मुंडू के खिलाफ सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना में पूर्व से ही आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
वहीं मुनी पूर्ति उर्फ केके उर्फ बिरसा पूर्ति के खिलाफ मुरहू थाना में वर्ष 2020 में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में तथा वर्ष 2024 में हत्या के प्रयास से जुड़े मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
