हरिद्वार, 11 मार्च (हि.स.)। थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम बिशनपुर झरड़ा में पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने एक युवक पर हथौड़े और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गंभीर चोट के चलते कई प्रकारफिलहाल वह आईसीयू मेंं जिंदगी की लड़ाई लड़ रहा है।

पीडि़त की मां सुशीला देवी पत्नी सत्यपाल निवासी ग्राम बिशनपुर झरड़ा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 मार्च को शाम करीब चार बजे उनका बेटा हर्ष घर से खाने का सामान लेने के लिए गांव की दुकान पर जा रहा था। रास्ते में पहले से रंजिश रखने वाले गांव के ही निशु पुत्र पवन, उमाकांत पुत्र संतराम, जशबीर पुत्र स्व. नंदकिशोर, विनीत पुत्र मदन और शुभम पुत्र स्व. सौराज ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने हर्ष को पकड़कर उसके सिर पर हथौड़े व लाठी-डंडों से कई वार किए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे आजेश पुत्र यशपाल, मोन्टी पुत्र मुकेश और हिमांशु पुत्र राकेश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घटना के बाद परिजन घायल हर्ष को सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उसे भूमानंद अस्पताल में भर्ती कराया। यहां कराए गए सीटी स्कैन में पता चला कि सिर की हड्डी टूटकर दिमाग में धंस गई है, जिससे उसके शरीर का आधा हिस्सा पैरालाइज हो गया।
थाना अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
