हमीरपुर, 12 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के सरसेड़ा माफ गांव में एक युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने सीएचसी में भर्ती करायां जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। वहीं मृतक युवती के पिता ने धगवां गांव निवासी एक युवक पर आरोप लगाते हुए पुत्री की मौत का जिम्मेदार ठहराया। गुरुवार को पीड़ित पिता ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

कोतवाली क्षेत्र के सरसेड़ा माफ गांव निवासी करन पुत्र राधेलाल ने बताया कि उसकी पुत्री निशा ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। पुत्री की हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया था। रास्ते में ही उसकी पुत्री निशा की मौत हो गई थी। बताया कि बीते करीब एक वर्ष पूर्व उसने जरिया थाना क्षेत्र के धगवां गांव निवासी अमरजीत पाल के साथ उसने अपनी पुत्री निशा का विवाह तय किया था। बताया कि आरोपी युवक अमरजीत पाल शराब पीकर उसकी पुत्री को आत्महत्या के लिए प्रेरित करता था। बताया कि अमरजीत पाल के द्वारा किए गए दुष्प्रेरण से ही उसकी पुत्री निशा ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की है। कोतवाल राकेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
