जौनपुर, 10 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने मूल्यांकन केंद्रों के निर्धारण के साथ-साथ प्रक्रिया को और सख्त बनाने के लिए नए नियम जारी किए हैं।

इस संबंध में मंगलवार को हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बात करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस ) राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मूल्यांकन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए केंद्रों पर विशेष डिजिटल पाबंदी लागू की गई है। इस बार मूल्यांकन केंद्र के भीतर मोबाइल फोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। शिक्षकों और अन्य कर्मियों के फोन मुख्य द्वार पर टोकन व्यवस्था के साथ जमा कराए जाएंगे।
यदि कोई शिक्षक मूल्यांकन कार्य से अनुपस्थित रहता है या ड्यूटी से जी चुराता है, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, मूल्यांकन कार्य की गोपनीयता बनाए रखना अनिवार्य है। किसी भी सूचना को मौखिक, लिखित या सोशल मीडिया (डिजिटल) प्लेटफॉर्म पर साझा करना अपराध माना जाएगा और ऐसा करने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
डीआईओएस ने निर्देश दिया है कि गणित और विज्ञान जैसे विषयों में परीक्षार्थियों को स्टेप मार्किंग का लाभ दिया जाए। इसका अर्थ है कि यदि पूरा सवाल सही नहीं है, तो भी सही किए गए स्टेप्स के लिए अंक मिलेंगे। साथ ही, भाषा की त्रुटियों पर केवल भाषा के विषयों में ही अंक काटे जाएंगे। अन्य विषयों में परीक्षकों को उदार दृष्टिकोण अपनाने के लिए कहा गया है। मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों के लिए एक राहत की बात यह है कि उनका पारिश्रमिक कार्य संपन्न होने के 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
