औरैया, 07 फरवरी (हि. स.) । राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार के अंतर्गत संचालित योग वैलनेस सेंटर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से शनिवार को दो अलग-अलग सत्रों में योग व प्राकृतिक चिकित्सा कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रथम व दूसरे सत्र में टारगेट डिफेंस एकेडमी के छात्र-छात्राओं को सामूहिक योग अभ्यास कराया गया।

रिजर्व पुलिस लाइन में वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में आयुष विभाग व वामा वैलनेस कैंप के सहयोग से चिकित्सा एवं परामर्श शिविर आयोजित हुआ। शिविर में वरिष्ठ योग इंस्ट्रक्टर एवं योग व प्राकृतिक चिकित्सक योगेंद्र कुमार मिश्र ने पुलिस कर्मियों व अन्य उपस्थित लोगों को बिना दवा और जांच के केवल आकृति व जीभ देखकर स्वस्थ रहने की जानकारी दी। उन्होंने जुकाम, खांसी, सिरदर्द, अनिद्रा, कब्ज व बवासीर जैसी समस्याओं से बचाव के लिए नियमित दिनचर्या व योग के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक पारस नाथ चौधरी, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय प्रभारी डॉ. परवीन एवं वार्डन नितिन राजपूत की प्रमुख उपस्थिति रही।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
