बरेली, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) बरेली चैप्टर, आईवाईसी–आईआईए यंगप्रेन्योर सेल और बी.एल. एग्रो ऑयल्स लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को परसाखेड़ा स्थित बी.एल. एग्रो परिसर में सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वैच्छिक रक्तदान और निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में उद्यमियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

आईएमए ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में करीब 60 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का उदाहरण पेश किया। वहीं, कैलाश अस्पताल के सहयोग से लगे नेत्र जांच शिविर में 150 से अधिक लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई और परामर्श लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सहयोग, सेवा और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक संस्थाओं को सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में आगे आना चाहिए।
आईआईए बरेली चैप्टर के चेयरमैन मयूर धीरवानी ने कहा कि संस्था केवल उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों को भी गंभीरता से निभा रही है। इससे समाज में आपसी सौहार्द और सहयोग की भावना मजबूत होती है।
आईवाईसी कैप्टन धनंजय विक्रम सिंह ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि यह मानवता की सेवा का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है।
कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने बताया कि आईआईए का लक्ष्य बरेली को स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है। इसके लिए औद्योगिक क्षेत्रों और श्रमिकों के बीच जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान आईआईए टीम ने सहयोग के लिए आईएमए और चिकित्सकीय टीम का आभार जताया। आईएमए की ओर से डॉ. पारुल प्रिया और उनकी टीम तथा कैलाश ईएनटी एंड जनरल हॉस्पिटल के डॉ. रूपक गुप्ता व उनकी टीम ने शिविर का संचालन किया।
इस मौके पर घनश्याम खंडेलवाल, विमल रिवाड़ी, शेखर अग्रवाल, कपिल चांदनी, डॉ. विनोद पागरानी, हरिश अरोड़ा, जयदीप नानियल, ध्रुव खनिज, शार्दुल शांखधार, दिनेश सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम ने उद्योग जगत की सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण को रेखांकित किया।————-
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
