
पूर्वी सिंहभूम, 05 अप्रैल (हि.स.)। आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और जमशेदपुर ब्लड सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार काे आयोजित दो घंटे के रक्तदान शिविर में समाजसेवा की मिसाल देखने को मिली। शिविर के दौरान कुल 20 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, वहीं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत 50 पौधों का वितरण भी किया गया।

शिविर में शामिल रक्तदाताओं ने निस्वार्थ भाव से रक्तदान कर मानव सेवा का परिचय दिया। इस अवसर पर सुनील आनंद ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग के सिद्धांत से प्रेरित होकर रक्तदान करना एक निष्काम सेवा है। उन्होंने बताया कि बिना किसी फल की इच्छा के किया गया कार्य ही सच्चा कर्मयोग है और ऐसे कार्यों में ईश्वर स्वयं साक्षी होते हैं। उनके अनुसार, जो लोग निस्वार्थ भाव से रक्तदान करते हैं, वे ईश्वर कोटि के मनुष्य हैं क्योंकि वे दूसरों के कष्ट दूर करने के लिए अपना योगदान देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान टाटा वर्कर्स यूनियन के कमिटी मेंबर ज्ञान रंजन श्रीवास्तव ने रक्तदाताओं को पौधे और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
