नई दिल्ली, 14 मार्च (हि.स.)। रोहिणी जिले के केएन कार्टजू मार्ग थाना क्षेत्र में ऐप आधारित बाइक राइड के दौरान महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित बाइक राइडर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 12 मार्च को एक महिला ने घर से पीतमपुरा के एमपी ब्लॉक मार्केट जाने के लिए ऐप के जरिए बाइक राइड बुक की थी। दोपहर करीब 1:48 बजे वह बाइक पर पीड़िता सवार होकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। आरोप है कि सेक्टर-13 डिवाइडिंग रोड, केएन कार्टजू मार्ग के पास पहुंचते ही बाइक चालक ने महिला के साथ अशोभनीय हरकतें शुरू कर दीं। महिला ने विरोध किया तो आरोपित ने उसे आवाज उठाने पर धमकी दी। इसके बाद आरोपित ने महिला को पीतमपुरा के एफयू ब्लॉक के पास उतार दिया और वहां से चला गया। महिला की शिकायत मिलने के बाद केएन कार्टजू थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 14 मार्च को संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित सचिन (34) को गिरफ्तार किया। वह गांव बादली का रहने वाला है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित पिछले एक साल से कंपनी ऐप के जरिए बाइक राइडर का काम कर रहा था। वह दसवीं पास है। जांच में यह भी पता चला कि वर्ष 2011 में बादली थाने में दर्ज दहेज हत्या के एक मामले में भी उसका नाम सामने आ चुका है। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
