राजगढ़, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। आरोग्य अस्पताल के पास ढलान पर बिना चालक और क्लीनर के खड़ा डंपर अचानक चल पड़ा और तेज गति पकड़ते हुए सड़क किनारे पैदल जा रही दो छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।

दुर्घटना के बाद डंपर लगभग 200 से 300 मीटर तक सड़क पर बेकाबू दौड़ता रहा और कई पेड़ों को टक्कर मारते हुए पुल के पास गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से घायल छात्रा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोग्य अस्पताल के पास ढलान पर बिना चालक-क्लीनर के खड़ा डंपर अचानक आगे बढ़ गया और तेजी से सड़क की ओर लुढ़क गया। इसी दौरान सड़क किनारे पैदल जा रही दो छात्राएं इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में 20 वर्षीय नंदिनी पुत्री स्व. बल्लभ भिलाला निवासी भादाहेड़ी थाना खिलचीपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमन (21) पुत्री रामचरण वर्मा निवासी पीपल्यारसोड़ा थाना बोड़ा गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। बताया गया है कि दोनों छात्राएं स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कक्षाएं अटेंड करने के बाद संकटमोचन बड़ली स्थित छात्रावास की ओर जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
