राजगढ़, 21 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मलावर थाना पुलिस ने छह दिन पहले 21 वर्षीय युवती के साथ खेत और घर पर जबरन गलत कृत्य करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

थानाप्रभारी रजनेश सिरोठिया ने मंगलवार को बताया कि पीड़िता ने बयान में कहा कि 15 अप्रैल की दोपहर वह खेत पर गई थी, जहां गांव के ही नंदकिशोर पुत्र बापूलाल लववंशी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध गलत काम किया। पीड़िता के अनुसार, इसके बाद आरोपित ने धमकाते हुए उसके घर पहुंचकर भी वही हरकत दोहराई। पीड़ित ने घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरियाद पर धारा 64(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा पीड़ित के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
