राजगढ़, 05 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर विवाहिताओं ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने रविवार को आरोपितों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न से संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहला मामला ब्यावरा थाना क्षेत्र के जूना ब्यावरा का है, जहां 30 वर्षीय किरण चौहान ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का कहना है कि उसका पति कुलदीप पुत्र दलजीत सिंह चौहान, सास शारदा, और ननद ज्योति पत्नी ओमकार सिसोदिया (निवासी जयपुर) दहेज की मांग कर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती है। परेशान होकर उसने ब्यावरा थाना पहुंचकर सभी आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दूसरा मामला भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कडेला से सामने आया है। यहां 23 वर्षीय रेखाबाई सौंधिया ने अपने पति गंगाराम पुत्र नारायण सिंह सौंधिया और सास रामकन्या सौंधिया पर दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने बताया कि दहेज न मिलने पर उसके साथ मानसिक तनाव के साथ-साथ शारीरिक प्रताड़ना भी दी जाती है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपित ससुराल पक्ष के खिलाफ धारा 85, 296, 115(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और साक्ष्यों व बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
