राजगढ़, 02 अप्रैल (हि.स.)। शिक्षा जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है, इसके बिना जीवन अंधकारमय हो जाता है। यह बात मध्य प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने गुरुवार को राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित शासकीय बालक हाईस्कूल, राजगढ़ रोड में ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026’ के शुभारंभ अवसर पर कही।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जहां मंत्री पंवार ने विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल एवं पाठ्य पुस्तक वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के उपरांत मंत्री पंवार ने बच्चों के साथ भोजन भी किया।
मंत्री पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में शिक्षा की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुए है, जिसके परिणामस्वरूप अभिभावकों का शासकीय विद्यालयों पर विश्वास बढ़ा है और नामांकन में 32.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। उन्होंने कहा कि आज भारत के बच्चे शिक्षा के बल पर विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार शिक्षा के विकास को निरंतर गति दे रही है, जिससे प्रदेश में अशिक्षा तेजी से घट रही है और साक्षरता बढ़ रही है।
पंवार ने कहा कि 21वीं सदी भारत की है और वर्ष 2047 तक भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने में विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने मातृभाषा में शिक्षा की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने पर ही शिक्षा का वास्तविक लाभ मिलता है। मातृभाषा में अध्ययन से समझ सरल होती है और संस्कारों का विकास भी मजबूती से होता है। राज्यमंत्री पंवार ने ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा बालिकाओं के लिए नवीन कन्या विद्यालय की घोषणा की गई है। महाविद्यालय परिसर में 100 बिस्तरों वाला छात्रावास तैयार हो चुका है। संदीपनी विद्यालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है और क्षेत्र के विभिन्न शालाओं में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
