राजगढ़, 07 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कुरावर थाना पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना कुरावर क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका को पुलिस ने सिर्फ 24 घंटे के भीतर भोपाल बस स्टैंड से सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी जितेन्द्रसिंह मावई ने मंगलवार को बताया कि 6 अप्रैल को फरियादी ने अपनी नाबालिग बालिका के घर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में अज्ञात क खिलाफ धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और विभिन्न स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद बच्ची को भोपाल बस स्टैंड से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। पुलिस ने मौके से आरोपित शुभम वंशकार (20), निवासी सूरजपोल, नरसिंहगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। बालिका के बयान के आधार पर आरोपित के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
