– राज्यपाल के आगमन से पहले तैयारियों का कुलपति ने लिया जायजा

मीरजापुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में 26 फरवरी को प्रस्तावित राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के आगमन से पूर्व तैयारियां तेज हो गई हैं। इसे लेकर कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

कुलपति ने जनभवन से आई टीम के साथ विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर का भी अवलोकन किया। इस दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समयबद्ध प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, स्वागत प्रबंध, सभागार सजावट, मीडिया कवरेज तथा स्टाफ की सहभागिता सहित सभी तैयारियों का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण किया।
कुलपति ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय से और सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण हों, ताकि कुलाधिपति का आगमन गरिमामय और स्मरणीय बन सके। विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के बाद परिसर में उत्साह और कार्यों में तेजी देखने को मिली।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
