रायपुर, 04 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में भाजपा की घोषित राज्यसभा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा कल गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। वहीं चर्चा है कि पूर्व विधायक और प्रदेश महामंत्री नवीन मारकंडेय भी नामांकन पत्र खरीद चुके हैं और वे डमी उम्मीदवार के रूप में पर्चा दाखिल कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च है। विधानसभा सचिवालय के अनुसार, नामांकन पत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकते हैं। लक्ष्मी वर्मा ने अपना नामांकन पत्र पहले ही खरीद लिया है। नामांकन पत्र लेने के लिए संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप विधानसभा पहुंचे थे। विधानसभा में संख्या बल के आधार पर कहा जा रहा है कि भाजपा और कांग्रेस को एक-एक सीट मिलने की संभावना है।

हालांकि भाजपा की नजर कांग्रेस के उम्मीदवार पर टिकी हुई है। कांग्रेस ने अब तक अपने उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस आज देर रात या कल सुबह अपने उम्मीदवार का नाम घोषित कर सकती है। इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभी विधायकों को सुबह 10 बजे विधानसभा पहुंचने का निर्देश दिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल
