
पलामू, 07 फ़रवरी (हि.स.)। पलामू के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक 16 वर्षीय नाबालिग का अपहरण कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। लड़की के परिजनों ने शनिवार को रामगढ़ थाना में लड़की को बहला फुसलाकर अपहरण कर लेने का मामला दर्ज कराया है। परिजनों ने चैनपुर के नेउरा गांव निवासी एनुल अंसारी का पुत्र नूरे आलम पर अपहरण का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार 5 फरवरी गुरुवार को नूरे आलम लड़की के घर आकर किशोरी को जबरन उठाकर ले गया है। आरोपित लड़की को बराबर परेशान करता था। विरोध करने पर धमकी दी थी कि तेरी बेटी को घर से उठाकर ले जायेंगे।

यादव महासभा ने कार्रवाई नहीं होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पलामू जिला यादव महासभा ने आरोपी पर पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर एसपी पलामू को आवेदन देकर एक्शन लेने की मांग की है। शाहपुर स्थित वीर कुंवर धाम परिसर में शनिवार को इस सिलसिले में बैठक की गयी एवं चैनपुर एवं रामगढ़ पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया गया। चैनपुर थाना से एक जनप्रतिनिधि के दबाव में आरोपी को छोड़ देने का आरोप लगाया गया।
बैठक मंे यादव महासभा के संजय कुमार यादव, रामेश्वर प्रसाद यादव, विकास यादव, बबलू यादव, संतोष यादव, कौशल यादव सहित दर्जनों शामिल थे। सभी ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
महासभा से जुड़े एवं राजद के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष व मानवाधिकार संगठन ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय कुमार यादव ने कहा कि अपहरण के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की और एक थाना से दूसरे थाना में भेजकर परिजनों को परेशान किया। कहा कि घटना के बाद जब लड़की के पिता प्राथमिकी कराने रामगढ़ थाना गए तो रामगढ़ पुलिस ने चैनपुर थाना भेज दिया, जब चैनपुर थाना गए तो रामगढ़ थाना जाने की बात कह कर कार्रवाई में देरी की गई।
हालांकि घटना के अगले दिन शुक्रवार को चैनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के परिजनों पर दबाव बनाकर आरोपी को शुक्रवार को थाना और पूछताछ की। जुम्मा की नमाज पढ़ने की बात कह कर आरोपी थाना से फरार हो गया।
चैनपुर मध्य के जिला पार्षद ने छुड़ाया आरोपी को
इधर, लड़की के पिता का कहना है कि वह भी थाने पर मौजूद था। चैनपुर मध्य के जिला परिषद सदस्य फजायल अहमद की पैरवी करने पर आरोपी को थाना से छोड़ दिया गया है। आरोपी अभी तक फरार है। लड़की की अभी तक बरामद नहीं हुई है। जानकारी मिली है कि आरोपी नूरे आलम शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है।
अपहरण घटना के मामले में चैनपुर के थाना प्रभारी श्री राम शर्मा ने बताया कि घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र में घटी है। चैनपुर थाना में आरोपी को हम लोगों ने नहीं बुलाया और ना ही छोड़ा है। अगर आरोपी थाना में आया होगा उसकी जानकारी मुझे नहीं है। रामगढ़ पुलिस ही जानकारी देगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
