


रामगढ़, 18 मार्च (हि.स.)। रामगढ़ जिले में ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे आगामी त्योहारों को देखते हुए शांति और भाईचारे के साथ इन्हें मनाने की अपील की गई है। साथ ही किसी भी संभावित अशांति से निपटने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारी की है।

पुलिस लाइन में बुधवार शाम मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें दंगा और आगजनी जैसी परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट, बॉडी शील्ड और लाठियों से लैस नजर आए और उपद्रवियों को काबू करने की रणनीतियों का प्रदर्शन किया।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि जिले में सभी जुलूस निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे और डीजे के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भड़काऊ गाने, आपत्तिजनक पोस्ट या सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रख रही है और असामाजिक तत्वों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, जिले के सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया है, ताकि लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़े और उपद्रवियों का मनोबल कमजोर पड़े।
संवेदनशील इलाकों में भी फ्लैग मार्च निकाला गया। थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे के नेतृत्व में यह मार्च थाना चौक, झंडा चौक, चट्टी बाजार, सौदागर मोहल्ला, दुसाध मोहल्ला, गोलपार, पूर्णी मंडप और नईसराय क्षेत्रों से होकर गुजरा।
इस दौरान कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे, जिन्होंने मजबूत सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
