रामगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। रामगढ़ जिले में राशन कार्डधारकों के रिकॉर्ड को तकनीकी रूप से अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके तहत सभी राशन कार्डों को आधार कार्ड और मोबाइल नंबर से जोड़ा जाएगा। उपायुक्त (डीसी) फ़ैज़ अक अहमद मुमताज ने सोमवार को सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को इस कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा करने का निर्देश दिया।

डीसी ने जिला आपूर्ति कार्यालय की ओर से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी भी ली। बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से आधार सीडिंग, मोबाइल नंबर सीडिंग, पीवीटीजी डाकिया योजना तथा खाद्यान्न आपूर्ति से संबंधित प्रखंडवार प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण के लिए बनाए गए गोदामों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पो ने विभाग की ओर से संचालित योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तार से जानकारी दी।
डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन कार्डधारकों के लंबित आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर सीडिंग का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि लाभुकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुचारू रूप से मिल सके।
उन्होंने पीवीटीजी डाकिया योजना के तहत लाभुकों को समय पर राशन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। साथ ही प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को क्षेत्र में स्थल निरीक्षण कर लाभुकों को मिल रहे लाभ की जानकारी लेने और व्यवस्था की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।
बैठक में हरा राशन कार्ड और मुख्यमंत्री दाल-भात योजना की भी समीक्षा की गई, जिसमें डीसी ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए।————-
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
