पूर्वी सिंहभूम, 22 फ़रवरी (हि.स.)। कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर रोड नंबर 6 स्थित श्री श्री शिव-हनुमान मंदिर में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे और दान पेटी टूटी हुई पाई।

मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बताया कि पिछले लगभग तीन वर्षों से दान पेटी को नहीं खोला गया था। विशेष अवसर पर इसे खोलने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। चूंकि दान पेटी में लंबे समय से श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित राशि जमा थी, इसलिए चोरी गई रकम का सही अनुमान लगाना फिलहाल संभव नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि राशि काफी अधिक हो सकती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर परिसर में रात के समय सुरक्षा की विशेष व्यवस्था नहीं रहती है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चोर मंदिर के मुख्य गेट पर लगे ताले को तोड़ कर अंदर घुसे। इसके बाद दान पेटी का ताला तोड़ने के लिए किसी भारी औजार का इस्तेमाल किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
मंदिर समिति की ओर से लिखित शिकायत पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस पदाधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
