
पश्चिमी सिंहभूम, 25 मार्च (हि.स.)। रामनवमी पर्व को लेकर बुधवार को चाईबासा में प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व प्रशिक्षु आईएएस सिद्धांत कुमार और सदर चाईबासा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने किया।

सदर थाना से शुरू हुआ यह फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख इलाकों—बड़ी बाजार, हिंद चौक, कुम्हार टोली और बाजार डाउन होते हुए विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरा। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
मौके पर सिद्धांत कुमार ने कहा कि बड़े पर्व-त्योहारों से पूर्व इस तरह का फ्लैग मार्च एक नियमित प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और लोगों में जागरूकता फैलाना है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि वे रामनवमी जैसे पावन पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाएं, लेकिन कानून का पालन करना न भूलें और उच्च न्यायालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का भी पालन करें।
फ्लैग मार्च में सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, सदर थाना प्रभारी सह डीएसपी तरुण कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल के जवानों ने भाग लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
