शिक्षा गुणवत्ता सुधार एवं शत-प्रतिशत परिणाम का लक्ष्य

रायपुर, 17 अप्रैल (हि. स.)। जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार एवं बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘मिशन उत्कर्ष 2.0’ के अंतर्गत 5 दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। यह पहल कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के नेतृत्व में संचालित की जा रही है।
पूर्व में सत्र 2025-26 में प्रारंभ किए गए ‘मिशन उत्कर्ष’ की सफलता को आगे बढ़ाते हुए सत्र 2026-27 के लिए ‘मिशन उत्कर्ष 2.0’ का शुभारंभ किया गया है। 10 अप्रैल 2026 को रेडक्रॉस भवन में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन की उपस्थिति में इसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 अप्रैल से 21 अप्रैल तक हाई स्कूल स्तर के शिक्षकों के लिए 5 दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का शुभारंभ जेआर दानी कन्या शाला, रायपुर में किया गया, जिसमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान एवं गणित विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नवीन ब्लूप्रिंट की समझ विकसित करना है। उन्होंने ब्लूप्रिंट आधारित प्रश्न पत्र निर्माण, जटिल अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाने एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति को अपनाने पर बल दिया।
डीपीसी अरुण शर्मा ने शिक्षण को सरल एवं प्रभावी बनाने के लिए नवीन एवं व्यावहारिक तरीकों के उपयोग पर जोर दिया। वहीं नोडल अधिकारी श्रीमती निशा शर्मा ने कक्षा पूर्व तैयारी, विद्यार्थियों के स्तर के अनुसार शिक्षण विधियों के चयन एवं सरल शिक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रही। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा ऑडियो-वीडियो, पीपीटी एवं नवाचारपूर्ण तरीकों के माध्यम से विषयवार प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान शिक्षण को रोचक एवं प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा की गई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर
