रायबरेली, 08 फ़रवरी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बांदा–बहराइच मार्ग पर एक ई रिक्शा को बचाने के चक्कर मे शोभवापुर गांव के पास दो बाइक टकरा गई। एक बाइक को सरेनी थाना क्षेत्र के रावतपुर कला गांव निवासी तेज बहादुर (28) पुत्र छेदीलाल बाइक चला रहा था। उसके साथ चचेरा भाई राम प्रसाद (32) पुत्र रामकरन और उसके मामा धुन्नर (30) पुत्र रामनाथ निवासी मंगा खेड़ा सेमरपहा सवार थे।जबकि दूसरी बाइक पर खीरो थाना क्षेत्र के पाहो गांव निवासी महेंद्र सिंह (55) पुत्र रामराज सिंह सवार थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार शोभवापुर गांव के पास ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एम्बुलेंस से सीएचसी ले जाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने महेंद्र सिंह और तेज बहादुर को मृत घोषित कर दिया। राम प्रसाद और धुन्नर की हालत गंभीर बनी हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। लालगंज थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौत हुई है, घायलों का इलाज चल रहा है। हादसे की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे
