मुंबई, 11 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने राशन वितरण प्रणाली को आसान बनाने के लिए निर्णय लिया है। पूरे राज्य में अब अनाज के परिवहन व हमाली की टेंडर प्रक्रिया को एक साथ लागू किया जाएगा. इस प्रस्ताव को मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुए राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला किया गया। इस सिस्टम में तालमेल बिठाया जा सकेगा। राज्य में पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम के तहत अनाज के ट्रांसपोर्टेशन और सरकारी गोदामों में अनाज की हैंडलिंग के लिए अलग-अलग ठेके तय हैं। लेकिन केंद्र सरकार ने खर्च बचाने के लिए तय रूट से ही अनाज परिवहन करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत राज्य में अनाज परिवहन शुरू कर दिया गया है। ट्रांसपोर्टेशन और हैंडलिंग का खर्च केंद्र ने तय किया है। इसमें केंद्र और राज्य दोनों का हिस्सा पचास-पचास प्रतिशत है।

अब नए सिस्टम में भडारण के हिसाब से ही समय-समय पर जिले और जिले के बाहर के गोदामों से अनाज उठाना होगा। मुंबई-ठाणे राशन डिस्ट्रीब्यूशन क्षेत्र के 5 जोन और 34 ज़िलों में एक साथ टेंडर प्रक्रिया पूरी करके ठेके को फ़ाइनल किया जाएगा और सिस्टम को बेहतर बनाया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
