अलीपुरद्वार, 06 मार्च (हि. स.)। राशन सामग्री में अनियमितता और चोरी के आरोप को लेकर जिले के मजबील इलाके में शुक्रवार भारी हंगामा देखने को मिला। गुस्साए ग्राहकों ने स्थानीय राशन डीलर की दुकान पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें मिलने वाला आटा और चावल नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा है। साथ ही जो खाद्यान्न दिया जा रहा है उसकी गुणवत्ता भी बेहद खराब है और खाने लायक नहीं है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब ग्राहक राशन लेने दुकान पर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि आटा नहीं है और चावल की मात्रा भी बहुत कम है। इसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
ग्राहकों का कहना है कि जिन लोगों को हर महीने पांच पैकेट आटा मिलना चाहिए, उन्हें केवल तीन पैकेट दिए जा रहे है। बाकी दो पैकेट बाद में देने का वादा किया जाता है, लेकिन वह कभी नहीं मिलता।
ग्राहकों ने आरोप लगाया कि बकाया आटा को हड़पने की साजिश चल रही है।
हंगामा बढ़ने पर डीलर के प्रतिनिधि के माध्यम से जल्दबाजी में एक छोटे ट्रक से आटे की बोरियां मंगाई गईं। करीब एक घंटे बाद, सुबह लगभग 11 बजे दुकान का ताला खोला गया और स्थिति कुछ हद तक सामान्य हुई।
हालांकि डीलर के प्रतिनिधि जीवन कुमार सरकार ने सभी आरोपों को खारिज किया। उनका कहना है कि महीने का आटा एक साथ नहीं आता, बल्कि किस्तों में आता है। किसी को कम राशन नहीं दिया जाता, अगर किसी का बकाया रह जाता है तो बाद में उसके घर पहुंचा दिया जाता है।
वहीं अलिपुरद्वार एक नंबर ब्लॉक प्रशासन ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
