नई दिल्ली, 14 मार्च (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान में आयोजित ‘परपल फेस्ट’ में भाग लिया।

अमृत उद्यान में आयोजित ‘परपल फेस्ट’ में दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों के दो छात्रों ने इसमें नृत्य प्रस्तुति दी एवं नौ छात्रों ने फैंसी ड्रेस कार्यक्रम में भाग लिया। इस वर्ष पहली बार नगर निगम के छात्रों को ‘परपल फेस्ट’ में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ। नगर निगम विद्यालयों के दिव्यांग छात्रों ने अमृत उद्यान का भ्रमण किया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट एवं निगम विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास डागर एवं शिक्षा विभाग के अधिकारीगण एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को हर संभव सुविधाएं एवं अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि, परपल फेस्ट का आयोजन प्रत्येक वर्ष राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान में किया जाता है। इस कार्यक्रम में देशभर से आए दिव्यांग जन एवं छात्र भाग लेते हैं एवं विभिन्न प्रस्तुतियां देते हैं। इस वर्ष यह पहली बार है कि दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों के 11 दिव्यांग छात्रों को भी इस कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी
