नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की सतर्कता इकाई (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी थाने में तैनात एक एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित एएसआई की पहचान रोहताश कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार शाहदरा निवासी एक व्यक्ति ने विजिलेंस यूनिट, बाराखंबा रोड में शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला गीता कॉलोनी थाने में दर्ज कराया है। इस मामले की जांच कर रहे एएसआई रोहताश कुमार कथित तौर पर शिकायतकर्ता को बार-बार धमका रहे थे और सख्त कार्रवाई से बचाने के बदले 40 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायतकर्ता के अनुसार बाद में बातचीत के दौरान आरोपित एएसआई ने रिश्वत की रकम घटाकर 20 हजार रुपये कर दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस यूनिट ने मामले की जांच कर जाल बिछाया। तय समय पर जब शिकायतकर्ता आरोपित को रिश्वत की रकम देने पहुंचा तो विजिलेंस टीम ने मौके पर ही एएसआई रोहताश कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ दबोच लिया।
इस मामले में विजिलेंस थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर संख्या 03/26 दर्ज कर ली गई है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है। दिल्ली पुलिस की विजिलेंस यूनिट ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई पुलिसकर्मी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सऐप नंबर 9910641064 पर दें। नागरिक चाहें तो बाराखंबा रोड स्थित विजिलेंस कार्यालय में पहुंचकर भी शिकायत दर्ज करा सकते है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
