हुगली, 05 अप्रैल (हि. स.)। जिले के रिषड़ा इलाके में मानसिक तनाव से जूझ रही एक 58 वर्षीय महिला की कथित आत्महत्या का मामला सामने आया है। घटना शनिवार रात रिषड़ा ग्राम पंचायत के बारोजीवी इलाके में हुई। मृत महिला की पहचान मिनती सेन (58) के रूप में हुई है।

परिवार के मुताबिक, मिनती सेन पिछले कुछ समय से गहरे मानसिक तनाव में थीं। पहले से ही कुछ मानसिक समस्याओं से जूझ रही थीं, लेकिन हाल की दस्तावेज़ संबंधी जटिलताओं ने उनकी परेशानी को और बढ़ा दिया था। आधार कार्ड में उनका नाम “मिनती सेन” दर्ज था, जबकि वोटर कार्ड में “मिनु सेन” लिखा हुआ था। इस नाम के अंतर के कारण उनका नाम एसआईआर सूची में शामिल नहीं हो पाया, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में थीं।
परिवार के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:45 बजे, उनके बेटे भोला सेन जब काम से घर लौटे, तो उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद पाया। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां महिला का शव कमरे की छत से लटका हुआ मिला। सूचना पाकर रिषड़ा थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार को श्रीरामपुर विधानसभा सीट से तृणमूल उम्मीदवार तन्मय घोष पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने इस मामले को लेकर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए और कहा कि इस मुद्दे को ममता बनर्जी के सामने भी उठाया जाएगा।
पुलिस की शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
