रेवाड़ी, 11 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गांव सुठाना में मंगलवार देर शाम बिहार के एक कंपनीकर्मी ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बिहार के भागलपुर निवासी 26 वर्षीय चंद्रेश्वर के रूप में हुई है। चंद्रेश्वर बावल की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची कसौला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के भागलपुर के 26 वर्षीय चंद्रेश्वर बावल की आईजीएल कंपनी में काम करता था। मंगलवार शाम को जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला तो आसपास के लोगों ने कमरे के अंदर झांककर देखा तो शव फंदे पर लटकता हुआ मिला। जिसके बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना के बाद एसएफएल की टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया।
कसौला थाना प्रभारी सतीश कुमार ने कहा कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक ने यह कदम क्यों और किन परिस्थितियों में उठाया इसका पता अभी नहीं चल पाया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला
