खूंटी, 12 अप्रैल (हि.स.)। कर्रा प्रखंड के बडका रेगर गांव में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल की ओर से रविवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने विहिप और बजरंग दल की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर अंकित कुमार सिंह को विहिप पंचायत अध्यक्ष तथा अरुण कुमार सिंह को बजरंग दल पंचायत संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसकी घोषणा जिला सह मंत्री एमपी सिंह के जरिये की गई।

सम्मेलन में वक्ताओं ने सेवा, धर्म और कर्तव्य के प्रति समाज को जागरूक करने पर जोर दिया तथा लोगों से एकजुट होकर सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए आगे आने की अपील की।
रेगर निवासी मनोज सिंह ने समाज में फैली कुरीतियों पर चर्चा करते हुए उनके निवारण की आवश्यकता बताई। गुमला से आए विकास कुमार निराला ने धर्म, परंपरा और रीति-रिवाजों पर विस्तार से बौद्धिक जानकारी दी। वहीं लापा निवासी रामप्रवेश सिंह ने नागपुरी भाषा में युवाओं से नशा, जुआ और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा समाज में एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अंकित सिंह और कर्रा प्रखंड मंत्री लक्ष्मण सिंह ने की। मुख्य अतिथि सौरभ साहू ने कार्यक्रम के समापन पर युवाओं से राष्ट्र, समाज और धर्म के प्रति सजग रहने की अपील की। सम्मेलन में लापा, बकस्पुर, मुरचकेल, नौरिंगा, जम्हार, गुमडु, सोटेया, तिरला, गोबिंदपुर और तोरपा और सहित कई गांवों के लोग उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
