पटना, 27 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी यादव पर बिना नाम लिए तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि लालू जी के संघर्ष को उन्होंने धोकर रख दिया।

रोहिणी आचार्य ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि लालू जी और पार्टी के लिए किसने क्या किया ये तो लोकसभा , हालिया संपन्न विधानसभा के चुनावी नतीजों और पार्टी की वर्त्तमान स्थिति से ही साफ़ है।

उन्होंने कहा कि जिसे जिम्मेदारी सौंपी गयी उसने, उसके आयातित गुरु और उस गुरु के गुर्गों ने तो लालू जी व पार्टी के प्रति समर्पित हरेक लालूवादी के दशकों के संघर्ष एवं प्रयासों को धो – पोछ कर पार्टी को बर्बादी की कगार पर ला कर खड़ा कर दिया।
उन्होंने कहा कि सवाल पहले भी उठे थे , आज भी सवाल उठ रहे हैं , आगे भी उठेंगे , अगर नैतिक साहस है तो खुले मंच पर सवालों का सामना करने की हिम्मत जुटानी चाहिए । ज्ञान कौन दे रहा और ज्ञान देने की बात कर सच्चाई से मुंह कौन चुरा रहा , ये साफ़ हो जाएगा ।
रोहिणी आचार्य ने कहा आज पार्टी के हरेक सच्चे कार्यकर्ता, समर्थक और हितैषी का सवाल है जिन चंद घटिया लोगों को, लालू जी को नजरअंदाज कर , एक तरीके से सर्वेसर्वा बना दिया गया , उन लोगों ने पार्टी के लिए क्या किया ? और समीक्षा के नाम किए गए दिखावे पर क्या कार्रवाई की गयी ? समीक्षा रिपोर्ट अब तक क्यूं नहीं सार्वजनिक की गयी और समीक्षा रिपोर्ट में जिन लोगों पर सवाल उठे उन पर अब तक कोई कार्रवाई क्यूं नहीं की गयी ?
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी
