बरेली, 26 फरवरी (हि.स.) । मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक में विभागों की प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए। उन्होंने लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे 43 चिकित्सकों से तत्काल संपर्क कर ड्यूटी जॉइन कराने और नहीं आने पर सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा में मंडल की रैंकिंग प्रभावित न हो, इसके लिए सभी जिलों को प्रदर्शन सुधारने को कहा गया। डी श्रेणी में अधिक अंक मिलने पर बरेली को विशेष रूप से सुधार के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग ने डिजिटल क्रॉप सर्वे शत-प्रतिशत पूर्ण होने की जानकारी दी। पीएम कुसुम योजना में बरेली लक्ष्य पूरा कर चुका है, जबकि बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर को 28 फरवरी तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा गया।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण में कई कमियां और फायर एनओसी लंबित मिलने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। अनुपस्थित चिकित्सकों में बरेली के 20, बदायूं के 9, पीलीभीत के 9 और शाहजहांपुर के 5 डॉक्टर शामिल हैं। इनके नाम सार्वजनिक कर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
उद्योग विभाग की योजनाओं में मुख्यमंत्री युवा रोजगार अभियान में बरेली और शाहजहांपुर के टॉप-टेन में होने पर संतोष जताया गया, जबकि अन्य जिलों को गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। राजस्व वादों में पांच वर्ष से अधिक लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा गया।
आईजीआरएस में आबकारी व स्टाम्प विभाग की सी ग्रेडिंग पर नाराजगी जताई गई। मंडलायुक्त ने 10 से 12 बजे तक अनिवार्य जनसुनवाई कर शिकायतों की निस्तारण प्रति उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में चारों जिलों के जिलाधिकारी और मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
