रायगढ़, 28 फ़रवरी (हि.स.)। जिले की महत्वपूर्ण सड़क परियोजना “लाखा–गेरवानी–चिराईपानी–पाली–देलारी मार्ग” के निर्माण में हो रहे विलंब को लेकर जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग समिति ने कड़ा रुख अपनाया है। समिति के सभापति गोपाल अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को प्रथम स्मृति-पत्र जारी कर 2 साल से अटकी इस परियोजना पर बिंदुवार जवाब मांगा है।

समिति ने लोक निर्माण विभाग से निम्नलिखित जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है जिसमें पिछले दो वर्षों में सर्वे, डीपीआर और प्रशासनिक स्वीकृति की वर्तमान स्थिति, कार्य में हो रहे विलंब के तकनीकी और प्रशासनिक कारण, अब तक स्वीकृत, आवंटित और खर्च की गई राशि का वित्तीय विवरण, टेंडर प्रक्रिया और वर्क ऑर्डर की स्थिति, वाहनों के दबाव को देखते हुए सड़क के तकनीकी मानक और डिजाइन, कार्य की भौतिक प्रगति और इसे पूर्ण करने की अंतिम समय-सीमा शामिल है।

इस संबंध में गोपाल अग्रवाल, सभापति (सहकारिता एवं उद्योग समिति, जिला पंचायत रायगढ़) ने बताया कि, प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए इस पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर रायगढ़ और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को भी प्रेषित की गई है, ताकि जिले के इस महत्वपूर्ण मार्ग निर्माण में आ रही बाधाओं का त्वरित निराकरण हो सके। जनता की सुविधा से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान
