नई दिल्ली, 10 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के बवाना में सोमवार दोपहर बदमाशों द्वारा प्लास्टिक कारोबारी को सरेआम दौड़ा-दौड़ाकर गोली मारने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वहीं इस हत्याकांड की जिम्मेदारी अमेरिका में बैठे कुख्यात गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े बदमाशों ने सोशल मीडिया के जरिए ली है। घटना सोमवार दोपहर करीब एक बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 35 वर्षीय व्यापारी वैभव गांधी अपनी जान बचाने के लिए सड़क पर भाग रहे थे। तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन से चार हथियारबंद बदमाशों ने उसका पीछा किया और लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दीं। कुछ दूरी पर बदमाशों ने व्यापारी को घेर लिया और उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वैभव सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वहीं हत्या के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई। जिसमें लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर रणदीप मालिक और अनिल पंडित ने वारदात की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में दावा किया गया कि बवाना में हुई कारोबारी की हत्या उन्होंने करवाई है। पोस्ट में यह भी लिखा गया कि जहां से कॉल की गई थी, वहां वैभव प्रवेश कर रहा था, इसलिए उसे “जिंदगी से बाहर कर दिया गया।” साथ ही चेतावनी दी गई कि जो भी उनके काम में बाधा बनेगा, उसका अंजाम भी यही होगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं मंगलवार को घटना से जुड़ी एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
