पूर्वी सिंहभूम, 27 जनवरी (हि.स.)। आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-01 में हथियार का भय दिखाकर राहगीरों से रुपये ऐंठने वाले एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 26 जनवरी की रात में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद पटमदा डीएसपी बचनदेव कुचुर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से संभावित इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान रोड नंबर-14 से कपाली जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपित ने अपना नाम आरीफ अंसारी (35) बताया। वह रहमत नगर नाला पार, फिरदौसिया मस्जिद के पास, थाना कपाली (चांडिल), जिला सरायकेला-खरसावां का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्तौल और एक धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपित को मंगलवार को आरोपी को जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार बरामद पिस्तौल लोहे की बनी है, जिस पर मेड इन यूएसए अंकित है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित के आजादनगर थाना क्षेत्र में राहगीरों को हथियार दिखाकर लूटपाट करने में संलिप्त होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
