देहरादून, 16 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश में लैंड जिहाद के खिलाफ सरकार की निर्णायक कार्रवाई का कांग्रेस का विरोध करना दुर्भाग्यपूर्ण और निराशाजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एजुकेशन सिटी के विरोध के पीछे केवल मुस्लिम यूनिवर्सिटी और लैंड जिहादियों के हित सुरक्षित करने की सोच रखती है।

महेंद्र भट्ट ने सोमवार को जारी प्रतिक्रया में कहा कि डाकपत्थर में प्रस्तावित एजुकेशन सिटी उत्तराखंड के शिक्षा और विकास के लिए महत्वपूर्ण है। इससे क्षेत्र का विकास होगा और पूरे राज्य को एजुकेशन हब के रूप में पहचान मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करती है और अल्पसंख्यक वर्ग को शिक्षित होने से रोकने का प्रयास करती है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस सरकार की लैंड जिहादियों के खिलाफ कार्रवाई में कवच बनकर सामने आती है और एजुकेशन व तकनीकी शिक्षा के प्रयासों में बाधा डालती है। उन्होंने यह भी बताया कि धौलास प्रकरण में कांग्रेस का विरोध उसकी सियासी जमीन बचाने की कोशिश थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
