हैदराबाद, 25 मार्च (हि.स.)। तेलंगाना भाजपा ने सदन में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के दौरान विधानसभा से वॉकआउट करने वाले एआईएमआईएम के विधायकों की सदस्यता निलंबित करने की मांग की है।

बुधवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव के नेतृत्व में भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने इस ज्ञापन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से विधानसभा अध्यक्ष को निर्देश देने की मांग की है। भाजपा ने राज्यपाल से राष्ट्रीय गीत का अपमान करने का आरोप लगाते हुए एआईएमईएम के सदस्याें की सदस्यता निलंबित करने की मांग की है।
भाजपा ने राज्यपाल को अवगत कराया कि 16 मार्च को विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन, जब केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया जा रहा था, तब एआईएमईएमके के सदस्य सदन से बाहर चले गए थे। पार्टी ने अपने ज्ञापन में कहा कि वंदे
मातरम् ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लाखों युवाओं और नागरिकों को प्रेरित किया था। ऐसे में इसका पाठ के समय सदन से बाहर जाना न केवल अपमानजनक है, बल्कि राष्ट्र के प्रति अनादर भी दर्शाता है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि यह घटना एआईएमआईएम के सदस्याें के राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति ‘उदासीन रवैये’ को दर्शाती है और इससे उनकी देशभक्ति पर भी सवाल खड़े होते हैं। भाजपा ने राज्यपाल से अनुरोध किया कि वे विधानसभा अध्यक्ष को निर्देश दें कि वंदे मातरम् के दौरान वॉकआउट करने वाले विधायकों के खिलाफ उचित कार्रवाई कर उनकी सदस्यता समाप्त करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj
