कानपुर, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में वन विभाग की वर्दी पहनकर गांजे की तस्करी करने वाले युवक को कल्याणपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने गुरुवार देर शाम दो किलो 35 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए शातिर से पुलिस उसके गैंग से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि शहर में तेजी से फैल रहे अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस द्वारा मुहिम चलाई जा रही है। जिसके अंतर्गत पुलिस को सूचना मिली कि एक तस्कर वन विभाग की वर्दी पहनकर लंबे समय से गांजा तस्करी कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने जाल बिछाते हुए शातिर को बारासिरोही नहर पुल के समीप बने प्रधानमंत्री आवास योजना के फ्लैटों के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपित की पहचान केशवपुरम आवास विकास थाना रावतपुर निवासी मधुकर भदौरिया उर्फ सनी उर्फ विकास के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान तस्कर ने बताया कि वह साल 2012 में वन विभाग में ठेके पर भर्ती हुआ था। इस दौरान उसे विभाग की ओर से वर्दी मिली थी। हालांकि कुछ समय बाद उसकी नौकरी खत्म हो गई लेकिन वर्दी उसी के पास रह गई थी।
बेरोजगारी और कम मेहनत में अधिक कमाई के लालच में आकर उसने साल 2018 में गांजा तस्करी का काम शुरू किया था। वह उन्नाव से गंजा लाकर कानपुर में ट्रक और ऑटो चालकों के साथ-साथ युवाओं को गांजा सप्लाई करता था। वन विभाग की वर्दी पहने होने की वजह से उस पर कोई शक भी नहीं करता था।
एडीसीपी ने बताया कि आरोपित के खिलाफ कानपुर और लखनऊ में करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
