मीरजापुर, 14 मार्च (हि.स.)। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि आस्था और विकास को साथ लेकर विंध्याचल धाम का व्यापक विकास किया जा रहा है। आने वाले समय में विंध्याचल धाम को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रमुख धार्मिक स्थलों की श्रेणी में शामिल हो सके।

शनिवार को अष्टभुजा गेस्ट हाउस परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में धार्मिक स्थलों का विकास “विरासत के साथ विकास” और “आस्था के साथ व्यवस्था” की सोच के साथ किया जा रहा है। इसी क्रम में विंध्याचल धाम में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि विंध्याचल धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, पार्क, घाट, कार्यालय और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि उन्होंने स्वयं वेटिकन सिटी रोम और यरूशलेम जैसे प्रसिद्ध धार्मिक शहरों को देखा है और विश्वास है कि विंध्याचल धाम का विकास इन स्थानों से भी बेहतर स्वरूप में सामने आएगा।
उन्होंने कहा कि वाराणसी, अयोध्या और विंध्याचल जैसे प्रमुख धार्मिक केंद्रों पर कॉरिडोर और आधुनिक सुविधाओं का निर्माण देश में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा दे रहा है। विंध्याचल धाम में चल रही परियोजनाओं के पूरा होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था, स्वच्छता और सुविधाओं का अनुभव मिलेगा।
——————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
