मीरजापुर, 08 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में रविवार काे जिला पंचायत सभागार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह की अध्यक्षता में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर प्रेस कांफ्रेंस का आयाेजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने वाला, युवा-केंद्रित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम है।

मंत्री ने बताया कि बजट में आर्थिक वृद्धि, राजकोषीय अनुशासन और सुशासन को प्राथमिकता दी गई है। मध्यम वर्ग को राहत देते हुए 12 लाख रुपये तक आय पर शून्य कर की व्यवस्था जारी रखी गई है। उत्तर प्रदेश के लिए बजट को विकास का ग्रोथ इंजन बताते हुए उन्होंने कहा कि हाई-स्पीड रेल, एक्सप्रेसवे, लॉजिस्टिक कॉरिडोर से कनेक्टिविटी और निवेश बढ़ेगा।

एमएसएमई के लिए 10 हजार करोड़ का ग्रोथ फंड, पूर्वांचल-बुंदेलखंड पर विशेष फोकस, कृषि में एआई आधारित तकनीक, वाराणसी में इनलैंड वॉटरवे शिप रिपेयर हब, 36 जीवनरक्षक दवाओं पर शुल्क छूट, हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल और युवाओं के लिए टेक्नोलॉजी लैब जैसी घोषणाओं को उन्होंने प्रदेश के लिए अहम बताया।
प्रेस कांफ्रेंस का संचालन जिला मीडिया सह-प्रभारी प्रणेश प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान एमएलसी श्याम नारायण सिंह, विधायक रिंकी कोल, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
——————–
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
