कन्नौज, 21 फरबरी (हि. स.)। प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा है कि प्रदेश सरकार का बजट विकासोन्मुख, समावेशी एवं जनहितकारी है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि एवं सामाजिक सुरक्षा पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के कुल बजट में लगभग 12.4 प्रतिशत भाग शिक्षा के लिए आवंटित किया गया है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य अनुपात माना जाता है। अन्य विभाग को जोड़कर देखा जाए तो लगभग 15–16 प्रतिशत बजट शिक्षा पर आता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक उद्योगों को उत्तर प्रदेश में स्थापित करना है, जिससे निवेश बढ़े और स्थानीय स्तर पर व्यापक रोजगार के अवसर सृजित हों। कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि कोविड-19 काल में श्रमिकों का व्यापक पंजीकरण कराया गया था। जो प्रवासी श्रमिक प्रदेश में वापस आए थे, उनमें से अधिकांश अब यहीं रोजगार से जुड़े हुए हैं और पुनः पलायन नहीं किया है। कहा कि शिक्षा क्षेत्र में मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने हेतु 400 करोड़ रुपये की धनराशि से स्कूटी वितरण योजना लागू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर ‘सरदार पटेल इंप्लायमेंट जोन हर जिले में बनेगा। कृषि क्षेत्र में डीजल पंपों के स्थान पर सोलर पंपों को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा निजी नलकूपों के लिए भी पर्याप्त बजट की व्यवस्था की गई है। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर पार्टी जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, विवेक पाठक सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा
