
कोकराझार (असम), 14 मार्च (हि.स.)। कोकराझार पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविराम नार्जारी ने शनिवार को विभिन्न विकासात्मक कार्यों के तहत कुल आठ परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में एक विद्यालय भवन के निर्माण के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण कार्य शामिल हैं, जो क्षेत्र में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने में सहायक होंगे।

जानकारी के अनुसार, कोकराझार वेस्ट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत फकीराग्राम परिषद क्षेत्र में गुवाबाड़ी–बहादुरपाड़ा संपर्क मार्ग तथा काशिबाड़ी पाखिरीरतल को जोड़ने के लिए लस्का नदी पर पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा काचुगांव परिषद क्षेत्र के अमीनाकाटा हायर सेकेंडरी स्कूल में नए विद्यालय भवन के निर्माण की आधारशिला भी रखी गई।
इसी क्रम में गुमा परिषद क्षेत्र के अंतर्गत ताजपुर–बंगलाबाड़ी पुल, बाबूबिल–नालुबस्ती पुल तथा गुवाबाड़ी–गोसाईगांव पुल के निर्माण कार्यों की भी आधारशिला रखी गई। साथ ही काचुगांव परिषद क्षेत्र में अहमदपुर–हंसबिल पुल निर्माण परियोजना का भी शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर डॉ. रेजाउल करीम दिलदार अली समेत बोड़ोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के कई केंद्रीय नेता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इन विकासात्मक परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा में सुधार होगा तथा शिक्षा और ग्रामीण विकास को भी नई गति मिलेगी। स्थानीय लोगों ने भी इन परियोजनाओं को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा
