कोलकाता, 25 मार्च (हि. स.)। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया।

मजूमदार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आरोप लगाया कि उत्तर बंगाल के मयनागुड़ी में एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी के साथ मंच साझा करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणी की। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं को तख्तियां लेकर बैठना पड़ेगा, जिसमें लिखा होगा कि वे भाजपा से नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि यह बयान मुख्यमंत्री की मंशा को स्पष्ट करता है और 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद विपक्षी कार्यकर्ताओं पर हुई हिंसा की याद दिलाता है। मजूमदार ने आरोप लगाया कि उस समय कई भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई, उन पर हमले हुए और उन्हें अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने आशंका जताई कि आगामी चुनावों से पहले इस तरह के बयान डर और दबाव का माहौल बनाने की कोशिश का संकेत देते हैं।
मजूमदार ने भारत निर्वाचन आयोग से इस मामले का तुरंत संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद इस तरह की टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन है और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
