मथुरा, 09 फरवरी (हि.स.)। वृन्दावन बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर निर्माण के लिए सोमवार को सातवीं रजिस्ट्री की गई। इसके साथ ही कॉरिडोर निर्माण की दिशा में 900 वर्ग मीटर भूमि का अधिग्रहण प्रशासन द्वारा अब तक कर लिया गया है।

समाजसेवी राधा कृष्ण पाठक ने अपने बांके बिहारी मंदिर के समीप दाऊजी तिराहा पर दाऊजी मंदिर के सामने स्थित 102 वर्ग मीटर के मकान को ठाकुर बांके बिहारी महाराज के हित में रजिस्ट्री कर सौंप दिया। इस सम्पत्ति में चार दुकान भी मौजूद हैं। उन्होंने यह रजिस्ट्री एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा और तहसीलदार जितेंद्र चाहर की मौजूदगी में की।

इस दौरान रजिस्ट्री कार्यालय के लिपिक राधारमण भी मौजूद रहे। रजिस्ट्री करने के बाद राधा कृष्ण पाठक ने बताया कि बांके बिहारी महाराज के श्रद्धालुओं के सुविधार्थ उन्होंने अपने मकान को बांके बिहारी महाराज के कॉरिडोर निर्माण के निमित्त दे दिया है। उन्हें ठाकुर जी द्वारा इस पवित्र कार्य को करने के लिए प्रेरणा दी गई। इस अवसर पर पं. उदयन शर्मा आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार
