कोलकाता, 12 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर राज्य में वेस्ट बंगाल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड (डब्ल्यूबीटीडब्ल्यूबी)के गठन और अधिसूचना जारी होने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि दिसंबर 2025 में आयोजित राज्य व्यापारी सम्मेलन और बिजनेस एंड इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में उन्होंने इस बोर्ड के गठन का वादा किया था, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह राज्य के व्यापारिक समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांग थी।
ममता बनर्जी ने कहा कि यह बोर्ड व्यापारियों और राज्य सरकार के बीच नियमित संवाद और समन्वय के लिए एक संस्थागत मंच प्रदान करेगा। इसमें राज्य के हर जिले के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा और यह लाखों व्यापारियों से जुड़े मुद्दों और चिंताओं के समाधान के लिए काम करेगा।
उन्होंने बताया कि बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कन्फेडरेशन ऑफ वेस्ट बंगाल ट्रेडर्स एसोसिएशन (सीडब्ल्यूबीटीए) के अध्यक्ष को नियुक्त किया जाएगा, जिससे व्यापारिक समुदाय का मजबूत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के व्यापारी बंगाल की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और राज्य सरकार उनके साथ खड़ी रहकर एक मजबूत और जीवंत आर्थिक भविष्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
